पुलिस की गिरफ्त में आरोपीगण
जावद। अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत जावद पुलिस ने मेड़की-अठाना रोड पर नाकाबंदी के दौरान अल्टो कार से 52 किलो डोडाचूरा जब्त कर दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। कार में तीन बोरों में भरकर डोडाचूरा ले जाया जा रहा था। पुलिस ने मादक पदार्थ के साथ तस्करी में प्रयुक्त कार भी जब्त की है।
पुलिस के अनुसार मुख्यमंत्री के निर्देश पर प्रदेशभर में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी और नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमलता अग्रवाल के निर्देशन, जावद एसडीओपी हर्ष राठौड़ के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी निरीक्षक मनोज सिंह जादौन के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई की।
नाकाबंदी में कार की तलाशी, तीन बोरों में मिला डोडाचूरा
19 नवंबर को अवैध गतिविधियों की रोकथाम के लिए पुलिस टीम ने मेड़की-अठाना रोड पर नाकाबंदी की थी। इसी दौरान अल्टो कार क्रमांक आरजे 39 सीए 5912 को रोककर तलाशी ली गई। कार में तीन बोरों में भरा कुल 52 किलो अवैध मादक पदार्थ डोडाचूरा मिला। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के अनिवार्य प्रावधानों का पालन करते हुए डोडाचूरा जब्त कर कार सवार दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया।
राजस्थान के जोधपुर निवासी हैं आरोपित
पुलिस ने राकेश पिता हड़मानराम विश्नोई (28), निवासी उचियारड़ा, विश्नोइयों की ढाणी, थाना एयरपोर्ट, जिला जोधपुर तथा मनीष पिता दिनेश विश्नोई (19), निवासी ग्राम राजपुरिया, थाना लूणी, जिला जोधपुर (राजस्थान) को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपितों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की गई है।
पुलिस मामले में मादक पदार्थ के स्रोत और तस्करी से जुड़े अन्य लोगों के संबंध में जानकारी जुटा रही है। संभावित फरार आरोपितों की तलाश भी जारी है।
कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक मनोज सिंह जादौन एवं उनकी टीम की सराहनीय भूमिका रही।
