धार जिले के खलघाट में सवारियों से भरी बस पुल की रेलिंग तोड़ते हुए नर्मदा नदी में जा गिरी। बस पूरी तरह से पानी में डूब गई, घटना के बाद घाट पर मौजूद लोग और नदी में चल रहे नाविक तुरंत बस के पास पहुंचे और यात्रियों को बाहर निकालने की कोशिश करने लगे। गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने बताया कि महाराष्ट्र रोडवेज की बस इंदौर से पुणे जा रही थी, जो खलघाट के संजय सेतू से नर्मदा नदी में जा गिरी। हादसे में 13 लोगों की मौत हो गई। दुर्घटना में बचे लोगों के अनुसार बस में 50 से 55 यात्री सवार थे। बस को क्रेन के माध्यम से बाहर निकाल लिया गया है। बारिश की वजह से नर्मदा नदी में जलस्तर बहुत तेजी है, इसमें कुछ लोगों के बहने की बात सामने आ रही है, जिन्हें ढूंढने का प्रयास किया जा रहा है।
मध्य प्रदेश सरकार ने मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपये और महाराष्ट्र के सीएम एकनाथ शिंदे ने 10-10 लाख रुपये का मुआवजा देने की घोषणा की है। केंद्र सरकार प्रधानमंत्री राहत कोष से मृतकों के परिजनों को 2;2 लाख रुपये देगी। कुल 16 लाख रुपये का मुआवजा मृतकों के परिजनों को दिया जाएगा। मुंबई से महाराष्ट्र के पूर्व मंत्री और भाजपा के विधायक गिरीश महाजन भी इंदौर आ रहे हैं। वे घटना स्थल खलघाट जाएंगे।
सीएम शिवराज ने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे से फोन पर की चर्चा
सीएम शिवराज सिंह चौहान ने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे से फोन पर चर्चा की। उन्होंने नर्मदा नदी में हुई बस दुर्घटना की जानकारी से महाराष्ट्र सीएम को अवगत कराया। मध्य प्रदेश से सभी शवों को सम्मान के साथ महाराष्ट्र भेजा जाएगा। सीएम शिवराज ने महाराष्ट्र के सीएम को प्रशासन के प्रयासों से अवगत कराया, इसके साथ ही मंत्री को घटना स्थल पर भेजने की जानकारी दी। इसके पहले सीएम शिवराज सिंह चौहान ने कृषि मंत्री कमल पटेल को खलघाट पहुंचने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने एसडीआरएफ को भेजने के निर्देश दिए, इसके अतिरिक्त आवश्यक संसाधन घटना स्थल पर भेजने के निर्देश दिए गए। खरगोन और इंदौर जिला प्रशासन के साथ मुख्यमंत्री निरंतर संपर्क बनाए हुए हैं।