विभिन्न मार्गों से निकली रामधुन
जावद। अयोध्या में श्रीरामलला के मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा के द्वितीय वर्ष के पावन अवसर पर जावद नगर में आयोजित तीन दिवसीय भव्य रामधुन के दूसरे दिन बुधवार को भी श्रद्धा और भक्ति का अनुपम दृश्य देखने को मिला। दूसरे दिन भी रामधुन पूरे उत्साह के साथ नगर के प्रमुख एवं सभी मार्गों से निकली, जहां “जय श्रीराम” के जयघोष और भजन-कीर्तन से संपूर्ण नगर भक्तिमय वातावरण में सराबोर हो गया।
रामधुन में बड़ी संख्या में धर्मप्रेमी नागरिक, माताएं-बहनें, युवा एवं बच्चे उत्साहपूर्वक शामिल हुए। नगरवासियों ने जगह-जगह पुष्पवर्षा कर रामधुन का स्वागत किया, जिससे धार्मिक उल्लास और अधिक बढ़ गया।
आयोजकों ने बताया कि तीन दिवसीय रामधुन का भव्य समापन गुरुवार को किया जाएगा। समापन अवसर पर विशेष आरती, भजन-कीर्तन एवं प्रसाद वितरण का आयोजन किया जाएगा। नगरवासियों में समापन कार्यक्रम को लेकर विशेष उत्साह एवं आस्था का माहौल बना हुआ है।
