भूमि धोखाधड़ी से आहत किसान मोबाइल टावर पर चढ़ा न्याय की गुहार
Report By: desk | 17, Dec 2025
व्हाट्सऐप चैनल से जुड़े

 मोबाइल टावर पर चढ़ा ग्रामीण

जावद। जावद के समीप सुवाखेड़ा तहसील क्षेत्र में कृषि भूमि से जुड़ी कथित धोखाधड़ी का मामला अब उग्र रूप लेता नजर आ रहा है। पीड़ित किसान कमलेश डांगी बुधवार सुबह करीब 7.30 बजे सुवाखेड़ा श्मशान के समीप स्थित मोबाइल टावर पर चढ़ गया और अपनी मांगों को लेकर न्याय की गुहार लगाने लगा। किसान दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहा है।

पीड़ित का आरोप है कि कुछ लोगों द्वारा षड्यंत्रपूर्वक उसके नाम से फर्जी दस्तावेज तैयार कर उसकी कृषि भूमि को अन्य व्यक्तियों को विक्रय कर दिया गया। इस फर्जीवाड़े के माध्यम से लाखों रुपये का लेन-देन किया गया, जिसकी जानकारी उसे काफी समय तक नहीं दी गई। जब इस संबंध में संबंधित लोगों से संपर्क किया गया तो न तो संतोषजनक जवाब मिला और न ही राशि लौटाई गई।

किसान का यह भी आरोप है कि मामले को उठाने पर उसे लगातार धमकियां दी जा रही हैं, जिससे वह और उसका परिवार मानसिक व शारीरिक रूप से परेशान है। न्याय न मिलने से आहत होकर किसान ने यह कदम उठाया।

घटना की सूचना मिलते ही जावद थाना प्रभारी जितेंद्र वर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित करने के प्रयास किए जा रहे हैं। समाचार लिखे जाने तक कमलेश डांगी टावर पर ही चढ़ा हुआ है, वहीं मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्रित हो गए हैं। प्रशासन द्वारा किसान को समझाइश देने का प्रयास जारी है।

पीड़ित ने स्पष्ट किया है कि यदि उसे न्याय नहीं मिला तो वह अपना आंदोलन जारी रखेगा।


नीमच खबर मे आपका स्वागत है। समाचार एवं विज्ञापन के लिऐ सम्पर्क करे— 9425108412, 9425108292 व khabarmp.in@gmail.com पर ईमेल करे या आप हमारे मिनु मे जाकर न्यूज़ अपलोड (Upload News) पर क्लिक करे व डायरेक्ट समाचार अपलोड करे व हमे उसका स्क्रीनशॉट भेजे |