भव्य श्रद्धा और उल्लास के साथ प्रारंभ हुई तीन दिवसीय रामधुन
जावद। अयोध्या में श्रीरामलला के मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा के द्वितीय वर्ष के पावन अवसर पर जावद नगर में मंगलवार से तीन दिवसीय भव्य रामधुन का शुभारंभ श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ हुआ। रामधुन का प्रारंभ श्री बटेश्वर महादेव मंदिर से हुआ, जो नगर के प्रमुख मार्गों बस स्टैंड, भारत माता चौराहा, लक्ष्मीनाथ चौक, माणक चौक, कंठाल चौराहा, कसेरा बाजार, खुर्रा चौक, अठाना दरवाजा, बोहरा गली, खातिवाड़ा, जोगणिया माता चौराहा, धानमंडी एवं सराफा बाजार से होती हुई श्री परकोटा हनुमान मंदिर पहुंची।
मार्ग में “जय श्रीराम” के जयघोष, भजन-कीर्तन और रामनाम की गूंज से पूरा नगर भक्तिमय वातावरण में सराबोर नजर आया। समापन स्थल पर बालाजी महाराज की आरती के पश्चात रामधुन का विधिवत समापन हुआ। इस अवसर पर बड़ी संख्या में धर्मप्रेमी नागरिक, माताएं-बहनें एवं युवा उपस्थित रहे।
आयोजकों के अनुसार आज दूसरे दिन भी रामधुन पूरे उत्साह और भव्यता के साथ नगर भ्रमण पर निकलेगी, जबकि तीन दिवसीय रामधुन का गुरुवार को भव्य समापन किया जाएगा। आयोजन को लेकर नगरवासियों में विशेष उत्साह एवं धार्मिक आस्था देखने को मिल रही है।
