दिग्विजय सिंह के हिंदू विरोधी बयानों को लेकर कांग्रेस में ही उठे विरोधी सुर...
Report By: नीमच खबर डेस्क | 13, Jul 2021
व्हाट्सऐप चैनल से जुड़े

राज्यसभा सदस्य दिग्विजय सिंह अक्सर विवादित बयानों को लेकर सुर्खियों में रहते हैं। उनके बयानों से पार्टी न इत्तेफाक रखती है, न कभी खुद को अलग करती दिखी, लेकिन हिंदू विरोधी बयानों को लेकर पार्टी में ही दिग्विजय सिंह के खिलाफ सुर उठ गए हैं। स्पष्ट कहा जाने लगा है कि ऐसे बयानों से कांग्रेस को काफी नुकसान होता रहा है। पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी से मांग की गई है कि हिंदू विरोधी बयानों के मामले में वह दिग्विजय सिंह पर रोक लगाएं।

अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सदस्य विश्वबंधु राय ने सोनिया गांधी को लिखे पत्र में कहा है कि वर्ष 2003 में जब से दिग्विजय सिंह सत्ता से बाहर हुए हैं, वह लगातार हिंदू विरोधी बयान देते आ रहे हैं। वह एक वर्ग को खुश करने की मंशा से हिंदुओं को नाराज करते रहे हैं। देश की बड़ी आबादी उनके बयान को ही कांग्रेस का आधिकारिक बयान मान लेती है और कांग्रेस से नाराज हो जाती है। एक तरफ हिंदू दूर हो रहे हैं, वहीं दिग्विजय सिंह जिस वर्ग को खुश करना चाहतेे हैं, वह भी पार्टी से दूर होता जा रहा है। कश्मीर में अनुच्छेद 370, बाटला हाउस मुठभेड़ का मामला, आतंकी ओसामा के नाम में जी जोड़ना आदि कई मामले हैं।

मध्य प्रदेश कांग्रेस संगठन के लिए काम कर चुके राय ने लिखा है कि दिग्विजय सिंह को गोवा का प्रभारी बनाया गया, लेकिन कांग्रेस जीतकर भी सरकार नहीं बना सकी। ये उन्हीं के गैर जिम्मेदाराना व्यवहार के कारण हुआ। सिंह के प्रभारी रहते तेलंगाना और आंध्र प्रदेश में भी कांग्रेस को नुकसान हुआ। राय ने उप्र में कांग्रेस की दुर्गति और मप्र में कमल नाथ सरकार जाने में भी दिग्विजय सिंह की भूमिका की समीक्षा की मांग की है।


नीमच खबर मे आपका स्वागत है। समाचार एवं विज्ञापन के लिऐ सम्पर्क करे— 9425108412, 9425108292 व khabarmp.in@gmail.com पर ईमेल करे या आप हमारे मिनु मे जाकर न्यूज़ अपलोड (Upload News) पर क्लिक करे व डायरेक्ट समाचार अपलोड करे व हमे उसका स्क्रीनशॉट भेजे |