विधायक ओमप्रकाश सखलेचा ने विधि विधान से किया भूमि पूजन
नीमच। हिन्दू स्वाभिमान के प्रतीक महाराणा प्रताप की चेतक पर सवार भव्य प्रतिमा स्थापित करने हेतु सिंगोली क्षेत्र में राजपूत समाज एवं सर्व समाज के संयुक्त तत्वावधान में नगर के पुराने बस स्टैंड पर भूमि पूजन कार्यक्रम सम्पन्न हुआ। क्षेत्रीय विधायक ओमप्रकाश सखलेचा के मुख्य आतिथ्य में विधि विधान से भूमि पूजन संपन्न हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत महाराणा प्रताप की तस्वीर पर माल्यार्पण से की गई।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए ओमप्रकाश- सखलेचा ने कहा कि हमारे धर्म ग्रंथों और शास्त्रों से ही विज्ञान का जन्म हुआ है। लेकिन धर्म गुरुओं के एक मत न होने के कारण इनकी विश्वसनीयता पर संदेह उत्पन्न हुआ, जबकि सच्चाई यह है कि विज्ञान का आधार हमारे शास्त्र ही हैं। महाराणा प्रताप ने धर्म और स्वाभिमान की रक्षा के लिए अपने प्राणों की आहुति दी और मुगलों से युद्ध कर देश की रक्षा की। आज भी उसी एकता के भाव से समाज को संगठित होकर कार्य करने की आवश्यकता है।
समारोह में भाजपा जिला महामंत्री अशोक सोनी, मंडल अध्यक्ष राधेश्याम मेघवंशी, नगर परिषद अध्यक्ष सुरेश जैन, जिला मंत्री सुनीता मेहता, पूर्व मंडल अध्यक्ष गोपाल धाकड़, मध्यप्रदेश श्रमजीवी पत्रकार संघ जिलाध्यक्ष प्रदीप जैन, दिनेश जोशी, प्रशांत पालीवाल सहित पार्षद एवं पार्षद प्रतिनिधि उपस्थित रहे। राजपूत समाज तहसील अध्यक्ष प्रदीप सिंह अरनिया, नगर अध्यक्ष रतन सिंह एवं आयोजन समिति पदाधिकारियों ने अतिथियों का स्वागत किया। संचालन तिलकराज सिंह ने किया और आभार पुष्पराज सिंह ने व्यक्त किया।
मूर्ति स्थापना की घोषणा से नगर सहित क्षेत्रवासियों में हर्ष का माहौल है। यह प्रतिमा आने वाली पीढ़ियों को इतिहास की गौरवशाली गाथा से अवगत कराएगी। उक्त जानकारी महेंद्र सिंह राठौड़ ने दी।