यातायात पुलिस वाहनों की चेकिंग करते हुए
नीमच। जिले में वाहनों पर काली फिल्म लगाकर चलने वालों और बिना हेलमेट वाहन चलाने वालों के विरुद्ध सख्त चालानी कार्रवाई की गई। जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार परिवहन विभाग और यातायात पुलिस को नियम उल्लंघन पर कठोर कार्रवाई के आदेश दिए गए थे। इन्हीं निर्देशों के तहत पुलिस अधीक्षक अंकित जायसवाल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवलसिंह सिसोदिया तथा नगर पुलिस अधीक्षक किरण चौहान के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी यातायात सोनू बड़गुर्जर एवं यातायात टीम द्वारा विशेष वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान काली फिल्म लगे 5 वाहनों के विरुद्ध चालान बनाकर 2,500 रुपये समन शुल्क वसूल किया गया। वहीं अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले चालकों के खिलाफ कुल 60 चालान बनाकर 24,600 रुपये समन शुल्क वसूला गया। इस प्रकार कुल 65 चालानों से 27,100 रुपये का समन शुल्क वसूला गया। कार्रवाई के दौरान वाहन चालकों को यातायात नियमों के पालन के लिए जागरूक भी किया गया। यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।
यातायात पुलिस की अपील:
यातायात पुलिस ने आमजन से अपील की है कि जिन चारपहिया वाहनों में ब्लैक फिल्म लगी है, वे स्वयं उसे हटाकर पुलिस का सहयोग करें। साथ ही नाबालिग बच्चों को किसी भी प्रकार का वाहन चलाने न दें। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित वाहन चालकों के विरुद्ध सख्त चालानी कार्रवाई की जाएगी।
