अफीम की फसल पर काली और सफेद मस्सी का प्रकोप, उत्पादन होगा प्रभावित
Report By: Desk | 06, Jan 2025
व्हाट्सऐप चैनल से जुड़े

काली व सफेद मस्सी की वजह से किसान परेशान, जतन में जुटे

जावद। जावद क्षेत्र के कुछ किसानो की अफीम की फसल में काली और सफेद मस्सी की बीमारी आ रही है। इनके प्रकोप से अफीम की फसल के पौधे सूख रहे हैं। उगने वाले डोडों को भी सूखने और अन्य कारणों से नुकसान होने की संभावना किसान बता रहा है। इससे आगामी दिनों में अफीम का उत्पादन प्रभावित हो सकता है। फसल में बीमारियों के आने से किसान खासे परेशान हैं वे फसल की सुरक्षा और देखभाल को लेकर कई तरह के उपाय और जतन कर रहे हैं। समय सर्द हवाओं के साथ गर्मी का मौसम भी असर दिखा रहा है किसानों की मानें तो अफीम के पौधों में काली और सफेद मस्सी का प्रकोप है। इसके अलावा खाखरिया रोग भी आ रहा है। इन बीमारियों के कारण अफीम की फसल को नुकसान पहुंच रहा है। अफीम के पौधे हल्के पीले और खराब हो रहे हैं। किसानों की माने तो आगामी दिनों में मौसम का मिजाज ऐसा रहा तो अफीम का उत्पादन काफी हद तक प्रभावित होगा। किसानों की परेशानी को देखते हुए कृषि विभाग के वरिष्ठ वैज्ञानिकों ने किसानों को बीमारियों के अनुरूप दवाइयों के उपयोग की सलाह दी है।
अफीम की फसल में यह रोग—
काली मस्सी : काली मस्सी के प्रभाव से अफीम का डोडा काला पड़ जाता है। समय के साथ यह डोडा सूख जाता है। इससे अफीम की प्राप्ति नहीं होती है।
सफेद मस्सी : सफेद मस्सी का रोग लगने से अफीम का पौधा जड़ से लेकर डोडे तक पूरी तरह सूख जाता है। डोडों के सूखने से अफीम का उत्पादन नाममात्र का भी नहीं होता है।
खाखरिया रोग : अफीम के पौधों में खाखरिया रोग आने से समय के साथ पूरा पौधा सूख जाता है। देखभाल और उपचार के बाद भी अफीम के पौधे की स्थिति में कोई सुधार नहीं होता है।
इनका कहना है-
'वर्तमान में मौसम मे बदलाव हुआ है सर्दी पड़ रही है। वातावरण में नमी भी बनी हुई है। ऐसे मौसम में काली मस्सी का प्रकोप फसलों पर दिखाई दे रहा है। कई क्षेत्रों से इसकी सूचना भी मिल रही है। कृषक मेटालेजिम व मेकोजैव कीटनाशक का छिड़काव करें। - डॉ.सीपी पचौरी, कृषि वैज्ञानिक नीमच


नीमच खबर मे आपका स्वागत है। समाचार एवं विज्ञापन के लिऐ सम्पर्क करे— 9425108412, 9425108292 व khabarmp.in@gmail.com पर ईमेल करे या आप हमारे मिनु मे जाकर न्यूज़ अपलोड (Upload News) पर क्लिक करे व डायरेक्ट समाचार अपलोड करे व हमे उसका स्क्रीनशॉट भेजे |