विधायक एवं कलेक्टर द्वारा पुरस्कार वितरित
नीमच। मप्र में आज उत्साह और उमंग का सर्वश्रेष्ठ वातावरण निर्मित हुआ है। चहुमुखी विकास के साथ प्रदेश निरंतर आगे बढ रहा है। प्रदेश की तरक्की में सभी ने अपना येागदान दिया है। आज स्वर्णिम मप्र का सपना साकार हो रहा है। यह बात नीमच क्षेत्र के विधायक दिलीप सिंह परिहार ने रविवार शाम को मप्र स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में रोटरी हॉल नीमच में आयेाजित जिला स्तरीय समारोह को मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित करते हुये कही। इस मौके पर कलेक्टर हिमांशु चन्द्रा, एसपी अंकित जायसवाल, एडीएम लक्ष्मी गामड, जिला पंचायत सीईओ अरविंद डामोर, एसडीएम ममता खेडे सहित अधिकारी/कर्मचारी, निलेश पाटीदार एवं अन्य जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक, पत्रकारगण, शिक्षकगण एवं छात्र-छात्रायें तथा शहरवासी उपस्थित थे।
कलेक्टर हिमांशु चन्द्रा ने कहा कि, इस समारोह में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से मप्र की समृद्धता को प्रदर्शित किया गया है। उन्होने कहा कि, भावी पीढी मप्र को और आगे ले जाने के लिये समर्पित होकर कार्य करें, जो जिस क्षेत्र में भी कार्यरत है, वह प्रदेश की प्रग्रति में अपना योगदान देते रहें। कलेक्टर ने सभी को प्रदेश के 69 वें स्थापना दिवस पर शुभकामनायें दी। स्थापना दिवस के जिला स्तरीय समारोह की शुरूआत दीप प्रज्जवलन के साथ हुई। छात्राओं ने सरस्वती वंदना, वंदेमातरम एवं मप्र गान प्रस्तुत किया। उत्कृष्ट उमावि की छात्राओं ने आयो रे शुभ दिन आयो रे ........., मप्र गान सुख का दाता सब का साथी ...... की रंगारंग प्रस्तुति दी। अनिता आंचलिया ने मालवी हास्य गीत हरी को भजन करों रे म्हारा भाई ...... प्रस्तुत किया। कन्या उमावि नीमच सिटी की छात्राओं ने समूह लोकनत्य प्रस्तुत किया। जिसे सभी ने सराहा, प्राचार्य मुकेश जैन एवं राजेन्द्र शर्मा ने मालवी लोकगीत गाया। सरस्वती विदयालय नीमच की छात्राओं ने भगवान रामजी के वनवास से अयोध्या आगमन के प्रसंग की प्रस्तुती दी और बजाओं ढोल स्वागत में मेरे घर राम आयें है समुह नत्य प्रस्तुत किया जिसका सभी ने करतल ध्वनि से स्वागत किया। शासकीय जाजू कन्या महाविद़यालय छात्रा पटेल ने महाभारत के दृश्य का पर आधारित काव्य पाठ किया। जिला ताईक्वांडो संघ के जयप्रकाश लोधा एवं छात्र-छात्राओं के समूह ने महिला आत्मरक्षार्थ ताईक्वांडो कला का प्रदर्शन किया। सीएम राईज स्कूल की छात्राओं ने राष्ट्रीय गीत प्रस्तुत किया। कार्यक्रम का संचालन बीना चौधरी ने किया। अंत में जिला पंचायत सीईओ अरविंद डामोर ने आभार माना। विधायक परिहार एवं कलेक्टर ने समारोह में प्रस्तुती देने वाले विदयार्थियों के दलों को प्रशंसा पत्र, ट्राफी प्रदान कर सम्मानित किया।