27 लाख की 262 क्विंटल लहसुन की हेराफेरी करने वाला गिरफ्तार मामला दर्ज...
Report By: | 23, Jan 2020
व्हाट्सऐप चैनल से जुड़े

नीमच। पुलिस ने 27 लाख रुपए की 262 क्विंटल लहसुन की हेराफे री करने वाले एक आरोपित को गिरफ्तार किया है। उक्त आरोपित को नीमच पुलिस ने उप्र के हरदाई जिले से पकड़ा है। आरोपित के कब्जे से ट्रक भी जब्त की गई है। पुलिस अन्य आरोपित ट्रक चालक और मालिक की तलाश कर रही है। बघाना थाने में फरियादी गिरीश गोयल ने 15 जनवरी को शिकायती आवेदन दिया था। गोयल के अनुसार उनकी कृषि उपज मंडी में गिरीश ट्रेडिंग कंपनी के नाम से फर्म है। उन्होंने 3 जनवरी को ट्रक (यूपी-30/एटी-4889) में असम-बंगाल कार्पोरेशन नीमच के माध्यम से 525 बोरी लहसुन असम के नोगांव और रूपई भेजी थी। ट्रक चालक प्रमोद कुमार पिता ईश्वरदीन अरखवंशी निवासी ग्राम सनई थाना संडिला जिला हरदोई तथा क्लीनर सत्तार अली उर्फ ददुआ पिता सुबेदार निवासी ग्राम सनई 27 लाख 5 हजार रुपए की लहसुन लेकर रवाना हुए थे। नीमच से असम पहुंचने में करीब 6 दिन का समय लगता है। इसी दौरान ट्रांसपोर्टर मोहनसिंह राजावत ने ड्राइवर को फोन लगाकर पूछा तो उसने असम के तेजपुर तक पहुंचने की बात कही थी। इसके दूसरे दिन ट्रांसपोर्टर राजावत ने असम की पार्टी से संपर्क कर माल आने के संबंध में पूछा तो उन्होंने लहसुन नहीं पहुंचने की बात कही। इस पर ट्रांसपोर्टर और व्यापारी गोयल ने पुनः ट्रक ड्राइवर से संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन ड्राइवर का फोन बंद मिला। इसके बाद व्यापारी गोयल ने ट्रक चालक और क्लीनर के विरुद्ध शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर एक टीम बनाकर यूपी के हरदोई जिले में ग्राम संडिला भेजी, जहां से क्लीनर सत्तार अली उर्फ ददुआ पिता सुबेदार को गिरफ्तार किया गया। ट्रक को भी जब्ती में लिया गया है। पूछताछ में आरोपित क्लीनर ने बताया कि उसने ड्राइवर व ट्रक मालिक हरिनाम यादव के साथ मिलकर लहसुन को ग्राम सेवालाथना ओरस जिला उन्नाव में खाली कर बेचा है। पुलिस ने आरोपित से मिली जानकारी के अनुसार लहसुन खरीदने वालों और आरोपित ट्रक ड्राइवर व मालिक की तलाश शुरू कर दी है। जल्द ही ट्रक मालिक और ड्राइवर भी पुलिस गिरफ्त में होंगे। 


नीमच खबर मे आपका स्वागत है। समाचार एवं विज्ञापन के लिऐ सम्पर्क करे— 9425108412, 9425108292 व khabarmp.in@gmail.com पर ईमेल करे या आप हमारे मिनु मे जाकर न्यूज़ अपलोड (Upload News) पर क्लिक करे व डायरेक्ट समाचार अपलोड करे व हमे उसका स्क्रीनशॉट भेजे |