नीमच। नीमच नगर पालिका परिषद का 7 जनवरी को कार्यकाल समाप्त हो चुका है, लेकिन शासन द्वारा अब तक प्रशासक की नियुक्ति नहीं की गई है। इससे विकास कार्य बड़े पैमाने पर प्रभावित हो रहे हैं। शहर में वर्तमान में करीब 25 से अधिक निर्माण कार्य जारी हैं। निर्माण कार्य एजेंसियों ने करीब 4 करोड़ से अधिक के बिल भुगतान के लिए लगा रखे हैं, लेकिन प्रशासक की नियुक्ति नहीं होने से इनको अब तक भुगतान नहीं हो पाया है। साल 2019 में करीब 200 से अधिक कार्यों के वर्क ऑर्डर जारी किए गए थे। इनमें से अभी मात्र 25 स्थानों पर ही निर्माण कार्य किए जा रहे हैं। इनमें भी बिलों के भुगतान को लेकर परेशानी आ रही है। यदि जल्द ही प्रशासक की नियुक्ति नहीं होती है तो निर्माण कार्यों में दिक्कत आ सकती है। बिलों के भुगतान में हो रही देरी का असर सीधे दौर पर निर्माण कार्यों पर दिखाई दे रहा है। वर्तमान में विकास कार्यो की गति भी बेहद धीमी हो चुकी है। इसका सीधा असर शहर के लोगों पर पड़ेगा। शहर के कई मार्गों का निर्माण कार्य भी अधूरा पड़ा है। शहर में वर्ष 2019 में करीब 200 निर्माण कार्यों के वर्क ऑर्डर जारी किए गए थे। वर्तमान में करीब 25 से अधिक स्थानों पर निर्माण कार्य जारी है। निर्माण एजेंसियों ने भुगतान के लिए बिल लगाए हैं। इन्हें करीब 4 करोड़ से अधिक की राशि का भुगतान किया जाना है, लेकिन प्रशासक की नियुक्ति नहीं होने से भुगतान अटका है। प्रशासक की नियुक्ति होते ही संबंधितों के बिलों का भुगतान किया जाएगा।
