नीमच। ग्रामीण विकास और पंचायत राज विभाग व राज्य शासन के निर्देशों के अनुसार जिले में गुरुवार को जिला पंचायत और जनपद पंचायत के वार्ड आरक्षण की प्रक्रिया पूर्ण की गई। जिला पंचायत सभाकक्ष में एडीएम और अभिहित अधिकारी विनय कुमार धोका सहित अन्य अधिकारियों की मौजूदगी में जिला पंचायत के 10 वार्ड के आरक्षण की प्रक्रिया पूर्ण की गई। वहीं जिले की तीनों जनपद पंचायत नीमच, जावद और मनासा में वार्ड आरक्षण की प्रक्रिया पूर्ण की गई। जिला पंचायत नीमच के 10 में से 5 वार्ड महिलाओं के लिए आरक्षित हुुए हैं। वहीं जनपद पंचायत नीमच के 25 में से 12, जावद के 25 में से 10 और नीमच के 25 में से 13 वार्ड महिलाओं के लिए आरक्षित किए गए हैं। जनपद और जिला पंचायत में वार्ड आरक्षण की प्रक्रिया पूर्ण होने के साथ जनपद पंचायत के अध्यक्षों के लिए आरक्षण किया गया। जिले की जनपद पंचायत नीमच के अध्यक्ष का पद अनारक्षित महिला, मनासा में अन्य पिछड़ा वर्ग और जावद में अनारक्षित पुरुष वर्ग के लिए पद आरक्षित किया गया। जनपद और जिला पंचायत के वार्ड के आरक्षण की प्रक्रिया और स्थिति जानने के लिए लोग बेताब भी नजर आए।
