नीमच। जिले के करीब 118 सरकारी स्कूलों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की डिजिटल कक्षा लगी। इसके जरिए उन्होंने बच्चों को परीक्षा के दौरान तनाव और अवसाद से बचने के टिप्स दिए। एलईडी और टीवी के माध्यम से विद्यार्थियों ने पीएम की बात को सुना और उसे आत्मसात किया। लेकिन जिले के किसी भी विद्यार्थी को पीएम से चर्चा करने का अवसर प्राप्त नहीं हो सका। संवाद का मौका नहीं मिल सका।
वार्षिक परीक्षाओं के पूर्व विद्यार्थियों को तनाव और अवसाद से मुक्त करने के लिए देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पहल की। उन्होंने दूरदर्शन के माध्यम से देशभर के विद्यार्थियों से सीधा संवाद करने की दिशा में प्रयास किया। जिले में भी पीएम के कार्यक्रम प्रसारण किया गया। जिले के करीब 118 सरकारी हाई स्कूल और हायर सेकेंडरी स्कूलों में पीएम के कार्यक्रम के प्रसारण की व्यवस्था की गई। सुबह करीब 11 बजे पीएम नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम की शुरुआत हुई। यह करीब एक घंटे की अवधि तक चला। दोपहर करीब 12 बजे कार्यक्रम समाप्त हो गया। इस दौरान पीएम मोदी ने विद्यार्थियों को तनाव और अवसार से दूर रहने की टिप्स दी। जिले के प्रभारी डीईओ के एल बामनिया की मौजूदगी में शहर के उत्कृष्ट स्कूल में भी कार्यक्रम हुआ। पीएम ने कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे हमेशा तनाव मुक्त रहे। बिना किसी भय व तनाव के परीक्षा दें। पढ़ाई और अपने मन की जिज्ञासाओं को शांत करने में शिक्षकों की मदद लें। हर स्तर पर सकारात्मक माहौल तैयार करें और अपने लक्ष्य को हासिल करें। बिना डर के यदि तैयारी पूर्ण होती है तो परीक्षा में सफलता से कोई दूर नहीं कर सकता। पीएम के कार्यक्रम का 118 स्कूलों में प्रसारण हुआ। लेकिन जिले के किसी भी विद्यार्थी को पीएम से संवाद का मौका नहीं मिला।
