10 मिनट में 10 करोड़ की लूट, सनसनीखेज वारदात को बदमाशों ने ऐसे दिया अंजाम
Report By: desk | 09, Jan 2020
व्हाट्सऐप चैनल से जुड़े

गुजरात के वापी शहर में एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहां बदमाशों ने एक फाइनेंस कंपनी के कर्मचारियों को बंधक बनाकर 10 करोड़ रुपये के जेवरात और नकदी लूट लिए हैं। छह नकाबपोश लूटेरे सिर्फ 10 मिनट में 10 करोड़ लूटकर फरार हो गए। घटना के बाद वापी-वलसाड पुलिस ने पूरे शहर में नाकाबंदी कर दी है। जानकारी के मुताबिक वापी के चाणोद क्षेत्र इलाके में मौजूद चंद्रलोक अपार्टमेंट में आज सुबह 10 बजे यह वारदात हुई। पहली मंजिल पर स्थित IIFL गोल्ड लोन बैंक में 6 नकाबपोश लूटेरे बंदूक और हथियार लेकर घुस गये और वारदात को अंजाम दिया।

ऐसे दिया वारदात को अंजाम

6 नकाबपोश बदमाश आज सुबह कंपनी के दफ्तर में बंदूकें और हथियार लेकर पहुंचे थे। सबसे पहले लुटेरों ने फाइनेंस कंपनी के कर्मचारियों को रस्सी से बांध दिया। इसके बाद सिर्फ 10 मिनिट में ही बदमाशों ने 8 करोड़ का सोना और 2 करोड़ नकदी लूट लिए और मौके से फरार हो गए। बदमाशों के जाने के बाद बैंक की ओर से पुलिस को वारदात की जानकारी दी गई। इसके बाद पुलिस ने आरोपियों की तलाश में पूरे शहर में नाकाबंदी कर दी। वापी एसपी के मुताबिक बदमाश जैकेट और झब्बा पहनकर आये थे और हिंदी में बात कर रहे थे। आरोपियों का सुराग हासिल करने के लिए पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज भी खंगाल रही है। गुजरात के गृह राज्य मंत्री प्रदीप सिंह जाडेजा ने मामले को गंभीरता से लिया है। उन्होंने बताया पुलिस ने वापी से सटे महाराष्ट्र बॉर्डर पुलिस को लूट के बारे में जानकारी दी है। महाराष्ट्र पुलिस को भी अलर्ट कर दिया गया है। गौरतलब है कि गुजरात में बीती रात से अब तक इस तरह की लूट की कुल तीन वारदातें हो चुकी है। बीती रात में अहमदाबाद में भी ज्वेलर्स के शो रुप में घुसे दो बदमाशों ने फायरिंग कर 4 लाख रुपये लूट लिए थे।


नीमच खबर मे आपका स्वागत है। समाचार एवं विज्ञापन के लिऐ सम्पर्क करे— 9425108412, 9425108292 व khabarmp.in@gmail.com पर ईमेल करे या आप हमारे मिनु मे जाकर न्यूज़ अपलोड (Upload News) पर क्लिक करे व डायरेक्ट समाचार अपलोड करे व हमे उसका स्क्रीनशॉट भेजे |