गुलजार के हाथों ज्ञानरंजन और भालचंद्र नेमाडे को मिलेगा आकाशदीप अलंकरण
Report By: Arvind Aada | 28, Dec 2019
व्हाट्सऐप चैनल से जुड़े

विस्तार

हिंदी के प्रख्यात कथाकार-संपादक ज्ञानरंजन और मराठी के विख्यात कवि-उपन्यासकार भालचंद्र नेमाडे को 28 दिसंबर की शाम मुंबई के नरीमन प्वाइंट स्थित वाईबी चव्हाण सेंटर में आयोजित समारोह में अमर उजाला शब्द सम्मान के सर्वोच्च अलंकरण 'आकाशदीप' से नवाजा जाएगा। दोनों मनीषियों को लेखन-जीवन के समग्र अवदान के लिए यह सम्मान दिया जा रहा है। मशहूर शायर-फिल्मकार गुलजार उन्हें अलंकरण प्रदान करेंगे। गत वर्ष यह सम्मान डॉ. नामवर सिंह को हिंदी के लिए और गिरीश कारनाड (कन्नड़) हिंदीतर भाषा में विशेष योगदान के लिए दिया गया था।

इसी समारोह में निर्णय किया गया था कि हिंदी के साथ हिंदीतर भाषा के जिस रचनाकार को आजीवन शब्द साधना के लिए सम्मान मिलेगा, उस भाषा-प्रदेश की राजधानी में समारोह होगा। नेमाडे के मराठी में अतुलनीय योगदान के चलते महाराष्ट्र की राजधानी में यह आयोजन हो रहा है।

भारतीय भाषाओं के सामूहिक स्वप्न के सम्मान में अमर उजाला फाउंडेशन ने शब्द सम्मानों की स्थापना की है ताकि भारत की समस्त भाषाओं में बंधुत्व को प्रोत्साहित किया जा सके। सर्वोच्च 'आकाशदीप' अलंकरण हिंदी व एक अन्य भारतीय भाषा के एक-एक साहित्य मनीषी को दिया जाता है। 

अलंकरण में पांच-पांच लाख रुपये की राशि, प्रशस्ति पत्र और गंगा प्रतिमा सम्मिलित हैं। सम्मान की घोषणा पर कवि-उपन्यासकार भालचंद्र नेमाडे ने इसे मानवीय सभ्यताओं के विचार और भाषिक संस्कृति के मूल्यवान साझे की निरंतरता का सम्मान निरूपित किया है। वहीं, कथाकार ज्ञानरंजन ने कहा कि ये सम्मान रचनाधर्मिता के स्वतंत्र मिजाज का अभिनंदन है। 

नीमच खबर मे आपका स्वागत है। समाचार एवं विज्ञापन के लिऐ सम्पर्क करे— 9425108412, 9425108292 व khabarmp.in@gmail.com पर ईमेल करे या आप हमारे मिनु मे जाकर न्यूज़ अपलोड (Upload News) पर क्लिक करे व डायरेक्ट समाचार अपलोड करे व हमे उसका स्क्रीनशॉट भेजे |